दतिया में BJP नेता पर जानलेवा हमला, पहले घर में पीटा फिर रास्ते में किया हमला

Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Aug, 2026 12:07 PM

datia bjp leader attacked firing alleged

मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा पार्षद के साथ कथित मारपीट के बाद उस समय तनाव बढ़ गया, जब शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहे पार्षद और उनके परिजनों का रास्ता रोककर विवाद किए जाने का आरोप लगा।

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा पार्षद के साथ कथित मारपीट के बाद उस समय तनाव बढ़ गया, जब शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहे पार्षद और उनके परिजनों का रास्ता रोककर विवाद किए जाने का आरोप लगा। घटना में कार और लोडिंग वाहन में तोड़फोड़, पत्थरबाजी और फायरिंग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। हालांकि, फायरिंग की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।जानकारी के मुताबिक, भाजपा पार्षद कोमल अहिरवार ने शिकायत में बताया कि 13 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे अजय वाल्मीकि कथित तौर पर डंडा लेकर उनके घर पहुंचा। गेट खुलवाने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान अजय ने डंडे से पार्षद की बाईं कोहनी पर वार कर दिया।

बेटे ने बीच-बचाव किया तो उसे भी पीटा

पार्षद के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर लखन वाल्मीकि और सुमित वाल्मीकि ने उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद छोटू और अतुल वाल्मीकि भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी ने मिलकर पार्षद के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे तरुण के साथ भी मारपीट की गई। लखन पर तरुण की दाहिनी आंख के पास मुक्का मारने का आरोप है।

थाने जाने निकले तो फिर रास्ते में हुआ विवाद

परिजनों और परिचितों के हस्तक्षेप के बाद मामला उस समय शांत हुआ और आरोपी मौके से चले गए। इसके बाद पार्षद अपने बेटे तरुण, अरुण और भतीजे निवेष के साथ कार से थाने में शिकायत देने के लिए रवाना हुए। आरोप है कि भैरव मंदिर के पास पहुंचने पर एक बार फिर उनका रास्ता रोक लिया गया।

शिकायत के अनुसार, वहां अजय, लखन और सुमित मौजूद थे। कुछ देर बाद छोटू और अतुल के भी मौके पर पहुंचने का आरोप है। पार्षद पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने थाने जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और उनकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

कार के शीशे तोड़े, लोडिंग वाहन में भी नुकसान का आरोप

आरोप है कि अजय ने डंडे से कार के सामने वाले शीशे पर हमला किया, जबकि अन्य लोगों ने सड़क पर पड़े ईंट-पत्थरों से कार के शीशे तोड़ दिए। इसी दौरान पास खड़े पार्षद के भाई रवि अहिरवार के लोडिंग वाहन ‘छोटा हाथी’ को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है।

पार्षद पक्ष ने इस दौरान पत्थरबाजी के साथ फायरिंग का भी आरोप लगाया है। हालांकि, गोली चलने की घटना की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!