Edited By Himansh sharma, Updated: 06 Aug, 2026 06:43 PM

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री Uma Bharti ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए हार को लेकर आत्ममंथन का संदेश दिया है।
उमा भारती ने अपने समर्थकों से अपील करते हुए लिखा कि वे यह अभिमान न पालें कि उनके एक संदेश की वजह से भाजपा के वोट बढ़े। उन्होंने कहा कि अंततः पार्टी चुनाव हार गई और इस परिणाम से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा कि वह स्वयं दतिया में चुनाव प्रचार के लिए नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने समर्थन में एक संदेश भेजा था, जिसे घर-घर तक पहुंचाया गया और उसका सकारात्मक असर भी देखने को मिला। इसके बावजूद भाजपा जीत हासिल नहीं कर सकी।
उमा भारती ने अपनी पोस्ट में कहा कि आखिर हम सब किसी न किसी परीक्षा में फेल हो गए और हमें अपनी रणनीति की गहन समीक्षा करनी होगी। उनके इस बयान को भाजपा के भीतर चुनावी हार पर आत्मविश्लेषण और भविष्य की रणनीति पर मंथन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। माना जा रहा है कि पार्टी आगामी चुनावों से पहले संगठन और चुनावी रणनीति की व्यापक समीक्षा कर सकती है।