Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Nov, 2025 01:17 PM

क्राइम ब्रांच और मुरार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है
ग्वालियर। क्राइम ब्रांच और मुरार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है, जो पिछले एक साल से अधिक समय से फर्जी आधार और पैन कार्ड के सहारे शहर में रह रही थी। पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर मिली, जब घनी बस्ती में छापेमारी की गई।
पकड़ी गई महिला ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह ढाका (बांग्लादेश) की फुकुर बस्ती से नदी और पहाड़ी रास्तों के जरिए भारत में दाखिल हुई थी। कोलकाता से दलालों के माध्यम से ग्वालियर पहुंची और यहां दो स्पा सेंटरों—एक पड़ाव और दूसरा हाईकोर्ट के पास में काम करती थी। उसने यह भी कबूल किया कि वह अपनी एक बांग्लादेशी सहेली के साथ वेश्यावृत्ति में लिप्त थी।
महिला ने बताया कि करीब 16 महीने पहले एक बंगाली डॉक्टर तुषार और उसकी बांग्लादेशी पड़ोसन ने उसे बुलाया था और अपने घर में रखा था। इसी दौरान उसने फर्जी दस्तावेज बनवाकर ठिकाना तैयार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि भारत में बांग्लादेशियों को घुसपैठ कराने वाले रैकेट में कितने लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में ग्वालियर पुलिस 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन्हें फिलहाल डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और 15 नवंबर को बीएसएफ के जरिए बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की तलाश तेज की जाएगी।