बेहद दुखद खबर: MP BJP के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक

Edited By Himansh sharma, Updated: 01 Nov, 2026 02:01 PM

former bjp mla chaitram manekar passes away in bhopal

मध्य प्रदेश की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। आमला विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता चैतराम मानेकर का रविवार, 1 नवंबर को निधन हो गया।

बैतूल। मध्य प्रदेश की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। आमला विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता चैतराम मानेकर का रविवार, 1 नवंबर को निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 7:30 बजे भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। वे बीते दो महीनों से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही बैतूल जिले सहित भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

दो चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे थे मानेकर

चैतराम मानेकर आमला क्षेत्र की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने भाजपा के टिकट पर वर्ष 2008 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2013 के चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत दोहराई। लगातार दो चुनाव जीतकर उन्होंने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की थी।

वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में मानेकर ने 30,546 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी, जबकि 2013 में उनकी जीत का अंतर बढ़कर 39,602 मतों तक पहुंच गया था। यह उस चुनाव में प्रदेश के बड़े जीत के अंतर में गिना गया था। वे वर्ष 2008 से 2018 तक विधायक रहे। हालांकि, 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाने के बजाय डॉ. योगेश पंडाग्रे को टिकट दिया था।

PunjabKesari

गांव की राजनीति से शुरू हुआ था सफर

चैतराम मानेकर का राजनीतिक जीवन सीधे विधानसभा से शुरू नहीं हुआ था। उन्होंने अपनी सक्रियता की शुरुआत ग्राम पंचायत से की थी। वर्ष 1970 से 1975 तक वे उमरिया ग्राम पंचायत में पंच रहे। इसके बाद 1975 से 1980 तक उपसरपंच की जिम्मेदारी संभाली।

स्थानीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद उन्होंने जिला स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई। वर्ष 1994 से 1999 तक वे जिला पंचायत बैतूल के सदस्य रहे। पंचायत से जिला पंचायत और फिर विधानसभा तक पहुंचने का उनका राजनीतिक सफर क्षेत्रीय राजनीति में उनकी लंबी सक्रियता को दर्शाता है।

सोमवार को होगा अंतिम संस्कार

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चैतराम मानेकर की अंतिम यात्रा सोमवार, 2 नवंबर को सुबह 10 बजे बैतूल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके निवास एलआईजी-33, गंज से निकाली जाएगी। इसके बाद गंज मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके परिवार में पुत्र कैलास मानेकर, हरीश मानेकर और हर्षदीप मानेकर सहित पुत्रियां पुष्पलता गुलबाके, कीर्ति नागले, प्रीति आठनकर और यशस्वी नागले हैं।चैतराम मानेकर के निधन को भाजपा ने अपने एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता को खोने के रूप में देखा है। उनके लंबे राजनीतिक सफर और आमला क्षेत्र में उनकी भूमिका को लेकर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!