Edited By Himansh sharma, Updated: 20 Aug, 2025 02:36 PM

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने रोलिंग बजट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भोपाल। केंद्र सरकार ने भले ही 8वें वेतन आयोग की घोषणा कर दी हो, लेकिन अभी इसके सदस्यों की नियुक्ति और वेतनमान लागू करने की तिथि को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। देशभर के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को लंबे समय से इसका इंतजार है। मध्य प्रदेश में भी लाखों कर्मचारी- अधिकारी बेसब्री से यह जानना चाहते हैं कि आखिर कब 8वां वेतनमान लागू होगा और उनकी तनख्वाह में बढ़ोतरी होगी।
फिलहाल प्रदेश के कर्मचारियों को 55% महंगाई भत्ता (DA) मिल रहा है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार, आने वाले वर्षों में इसे धीरे-धीरे 30% तक और बढ़ाने का रोडमैप तैयार किया गया है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में सरकार का लक्ष्य 31 मार्च तक डीए को बढ़ाकर 64% करना है। वहीं इस साल की दिवाली से पहले कर्मचारियों को 4% डीए बढ़ोतरी का फायदा मिलने की पूरी संभावना है। मार्च 2026 तक यह वृद्धि कुल 9% तक पहुंच सकती है।
रोलिंग बजट की तैयारी
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने रोलिंग बजट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का प्रावधान शामिल किया गया है। साथ ही विभागवार बजट की सीमा भी तय कर दी गई है। यानी प्रत्येक विभाग को दिए गए बजट में ही काम पूरे करने होंगे और निर्धारित सीमा से अधिक खर्च का प्रावधान नहीं किया जाएगा।
अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर इसी रफ्तार से डीए में बढ़ोतरी होती रही तो चुनावी साल 2028-29 तक कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 94% तक पहुंच सकता है। इससे सरकारी कर्मचारियों की जेब में सीधी राहत मिलेगी।