Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Apr, 2026 01:32 PM

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ पाटिल उर्फ बाडु भाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला।
बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ पाटिल उर्फ बाडु भाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह विश्वनाथ पाटिल का शव उनके घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित खेत के कुएं में मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों के विशेष दल ने शॉर्ट पीएम किया।
पुलिस के हाथ अभी खाली, नहीं मिला सुसाइड नोट
फिलहाल पुलिस जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं, जिसके चलते अभी तक उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। सीएसपी गौरव पाटिल के अनुसार, परिवार के शोक में होने के कारण बयान दर्ज करने में देरी हो रही है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी अभी कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह उनके गृह ग्राम बोहरड़ा में ताप्ती तट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बुरहानपुर, खंडवा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर देखने को मिली। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी दिल्ली से सूचना मिलते ही बुरहानपुर पहुंचे और परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
जांच जारी, कारणों पर सस्पेंस कायम
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन पुलिस आधिकारिक रूप से किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।