देश के प्रसिद्ध कथावाचक पर महिला ने लगाया रेप और वीडियो कॉल पर नग्न होने का आरोप, अखाड़ा परिषद ने की बड़ी कार्रवाई

Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Nov, 2026 12:59 PM

indradev expelled as mahamandaleshwar after rape allegations

यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे स्वामी इंद्रदेव महाराज को बड़ा झटका लगा है।

उज्जैन। यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे स्वामी इंद्रदेव महाराज को बड़ा झटका लगा है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया है। मुंबई की एक महिला द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद अखाड़े ने यह कदम उठाया है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपों की गंभीरता और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। दरअसल, स्वामी इंद्रदेव महाराज उज्जैन में भूखी माता मंदिर रोड पर आश्रम और गोशाला का निर्माण करा रहे हैं। उन्हें पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की ओर से महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी। हालांकि, पद मिलने के बाद से ही अखाड़े के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी नहीं रही। अखाड़े के कार्यक्रमों से दूरी और अब सामने आए गंभीर आरोपों को देखते हुए संगठन ने उन्हें पद से हटाने का फैसला किया है।

एफआईआर के बाद ही शुरू हो गई थी निष्कासन की तैयारी

स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने पहले ही कार्रवाई के संकेत दे दिए थे। लगभग एक सप्ताह पहले उज्जैन प्रवास के दौरान उन्होंने कहा था कि अखाड़े के पंच इस प्रकरण पर विचार-विमर्श करेंगे और आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। अब इस संबंध में फैसला लेते हुए इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से बाहर कर दिया गया है।

फेसबुक पर सत्संग के वीडियो देखकर महिला पहुंची थी संपर्क में

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मुंबई निवासी महिला अपने पारिवारिक जीवन में चल रही परेशानियों का समाधान तलाश रही थी। इसी दौरान जनवरी 2023 में उसकी नजर फेसबुक पर मौजूद 'संत इंद्रदेव' नाम के पेज पर पड़ी, जहां वह स्वामी इंद्रदेव के प्रवचन और सत्संग के वीडियो देखने लगी।

महिला का कहना है कि टीवी पर प्रसारित एक सत्संग के दौरान उसे इंद्रदेव महाराज का मोबाइल नंबर मिला था। इसके बाद 10 अप्रैल 2023 को उसने संपर्क किया। उसे मुंबई के सांताक्रुज पूर्व में सात दिवसीय सत्संग कार्यक्रम की जानकारी दी गई। 12 अप्रैल को वह अपनी छोटी बेटी के साथ कार्यक्रम में पहुंची और अगले दिन दीक्षा लेने के बाद वापस लौट गई।

PunjabKesari

मदद का भरोसा देकर नजदीकी बढ़ाने का लगाया आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दिसंबर 2023 में एक अन्य सत्संग कार्यक्रम के दौरान उसने इंद्रदेव को अपनी व्यक्तिगत परेशानियों के बारे में बताया था। इस पर उन्होंने उसकी समस्याओं में मदद करने का भरोसा दिया और लगातार संपर्क में रहने तथा सेवा करने के लिए कहा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद फोन और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत का सिलसिला बढ़ा। उसने आरोप लगाया कि इस दौरान वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें और आपत्तिजनक बातचीत की गई। महिला ने वृंदावन स्थित आश्रम में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है।

ऑडियो रिकॉर्डिंग मिटाने के लिए धमकाने का भी दावा

महिला ने पुलिस को बताया कि कथित घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग को हटाने के लिए भी उस पर दबाव बनाया गया और धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज किया था।

इस पूरे प्रकरण के बाद महिला लगातार अखाड़ा परिषद से महामंडलेश्वर पद पर इंद्रदेव की नियुक्ति समाप्त करने की मांग कर रही थी। आखिरकार अखाड़े ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें पद से निष्कासित करने का निर्णय लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा। फिलहाल अखाड़े की इस कार्रवाई से धार्मिक जगत में भी मामला चर्चा का विषय बन गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!