Edited By meena, Updated: 01 Dec, 2025 07:39 PM

दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश की 1 करोड़ से ज्यादा बहनों के लिए खुशखबरी जल्द आने वाली है। संभावना है कि मोहन सरकार 10 से 15...
भोपाल : दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश की 1 करोड़ से ज्यादा बहनों के लिए खुशखबरी जल्द आने वाली है। संभावना है कि मोहन सरकार 10 से 15 दिसंबर के बीच 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 31वीं किस्त के 1500 रुपये ट्रांसफर कर सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक फाइनल डेट घोषित नहीं की गई है।
12 नवंबर को जारी हुई थी 30वीं किस्त
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 नवंबर को सिवनी से सिंगल क्लिक के माध्यम से 30वीं किस्त (1250 + 250 = 1500 रुपये) जारी की थी। उस समय कुल 1857 करोड़ रुपये बहनों के खातों में ट्रांसफर किए गए थे।
जून 2023 से अब तक 44 हजार करोड़ से ज्यादा का अंतरण
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। तब से अक्टूबर 2025 तक सरकार अब तक 44,917 करोड़ 92 लाख रुपये महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर चुकी है। प्रदेश में इस योजना की अगली किस्त को लेकर बहनों में उत्सुकता बढ़ गई है। 1000 रुपये मासिक आर्थिक सहायता राशि के साथ शुरु हुई योजना के तहत सितंबर 2023 से 1,250 रुपये मासिक आर्थिक सहायता राशि दी जा रही थी। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में 250 रुपये की वृद्धि कर नवंबर 2025 से 1500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता राशि दिए जाने की स्वीकृति दी गयी है। योजना में 250 रुपये की वृद्धि किए जाने पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,793 करोड़ 75 लाख रुपये के अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 20,450 करोड़ 99 लाख रुपये संभावित व्यय होगा।