Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Mar, 2026 09:47 AM

शहर में बीते दिन एलपीजी गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग अचानक बंद होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्वालियर: शहर में बीते दिन एलपीजी गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग अचानक बंद होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घर बैठे सिलेंडर बुक नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच गए, जहां लंबी कतारें लग गईं। हालांकि एजेंसियों ने मैनुअल तरीके से नंबर लगाकर बुकिंग शुरू की, जिससे करीब 7 हजार से ज्यादा लोगों को राहत मिली।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम में भी दिनभर फोन की घंटियां बजती रहीं। विभाग के मुताबिक लगभग 700 कॉल्स प्राप्त हुईं और अधिकांश लोगों की शिकायत एक ही थी—ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुकिंग नहीं हो रही और घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन रही है।
स्थिति को देखते हुए विभाग के निरीक्षकों ने शनिवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कतार में खड़े उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। कई लोगों ने सिलेंडर की देरी से डिलीवरी और बुकिंग नंबर नहीं लगने की शिकायत भी की।
निरीक्षण के दौरान एजेंसियों के स्टॉक की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि जितनी बुकिंग एजेंसियों के पास दर्ज थी, उसके अनुसार स्टॉक मौजूद मिला। इसके साथ ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए गाड़ियों को भी रवाना किया गया, ताकि जल्द से जल्द उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों ने एजेंसी पर रखे रजिस्टरों की भी जांच की और यह देखा कि कितने उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे और कितनों की बुकिंग की गई। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।
वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने का असर घरेलू सिलेंडरों पर भी पड़ रहा है। शहर में रोजाना करीब 400 से ज्यादा कमर्शियल सिलेंडर की खपत होती है। आपूर्ति रुकने से कई छोटे दुकानदार— जैसे चाय, चाट और ठेले वाले—घरेलू सिलेंडर का उपयोग करने लगे हैं, जिससे घरेलू सिलेंडरों पर दबाव बढ़ गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के मुताबिक कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग अगले 5 से 7 दिनों में फिर से शुरू हो सकती है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक गैस सिलेंडर का संकट काफी हद तक खत्म हो जाएगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।