Edited By meena, Updated: 08 Apr, 2026 01:37 PM

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला सरकारी कर्मचारी ने एक पटवारी पर छेड़छाड़ और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी...
मंदसौर (शाहरूख मिर्ज़ा) : मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला सरकारी कर्मचारी ने एक पटवारी पर छेड़छाड़ और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
मंदसौर जिले की दलोदा तहसील में पदस्थ एक पटवारी के खिलाफ महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी पटवारी कुलदीप मकवाना ने उसके साथ छेड़छाड़ की, उसका पीछा किया और उसे धमकियां भी दी।
पीड़िता के मुताबिक, साल 2019 में काम के दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में उसका ट्रांसफर मंदसौर हो गया, लेकिन आरोपी लगातार फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उस पर शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था। इतना ही नहीं, वह बार-बार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसे परेशान करता रहा। महिला ने जब उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तब भी आरोपी अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर उसे उत्पीड़ित करता रहा। मामला यहीं नहीं रुका। आरोपी ने महिला के पति को आपत्तिजनक और भ्रामक संदेश भेजकर उसके चरित्र पर सवाल खड़े करने की कोशिश की। आरोप है कि उसने महिला की निजी चैट, फोटो और यहां तक कि आधार कार्ड की तस्वीर भी बिना अनुमति हासिल कर ली और पति को भेज दी।
इन घटनाओं के चलते पति-पत्नी के रिश्ते में गंभीर तनाव पैदा हो गया। जानकारी के मुताबिक, महिला के पति ने जनवरी 2025 में नीमच न्यायालय में तलाक का मामला भी दायर कर दिया है, जो फिलहाल विचाराधीन है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 74, 78(2), 79 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस मामले ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।