Edited By Himansh sharma, Updated: 06 Nov, 2026 02:30 PM

मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग के प्रशासनिक फेरबदल के बीच बालाघाट जिले को आखिरकार नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग के प्रशासनिक फेरबदल के बीच बालाघाट जिले को आखिरकार नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। राज्य सरकार ने 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी मलय जैन को बालाघाट का नया एसपी नियुक्त किया है। खास बात यह है कि उन्हें जिले की कानून व्यवस्था की कमान सौंपने के साथ ही हॉक फोर्स की जिम्मेदारी भी दी गई है।
दरअसल, बीते दिनों बालाघाट के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा का तबादला कर उन्हें देवास जिले की कमान सौंपी गई थी। उनके स्थानांतरण के बाद से ही बालाघाट में नए एसपी की नियुक्ति को लेकर इंतजार किया जा रहा था। करीब 9 दिन बाद शासन ने इस इंतजार को खत्म करते हुए मलय जैन की पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए।
बालाघाट के साथ हॉक फोर्स की भी कमान
मलय जैन इससे पहले पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें बालाघाट जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा सेनानी, हॉक फोर्स बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। ऐसे में जिले की पुलिस व्यवस्था के साथ हॉक फोर्स की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
सचिन अतुलकर को ग्वालियर SAF की अतिरिक्त जिम्मेदारी
प्रशासनिक आदेशों में अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है। 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सचिन कुमार अतुलकर, जो वर्तमान में आईजी चंबल जोन मुरैना की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें अब पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।