Edited By Vandana Khosla, Updated: 22 Sep, 2026 09:35 AM

नरसिंहपुरः मध्यप्रदेश में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे विपणन सहकारी समिति मर्यादित नरसिंहपुर में कार्रवाई करते हुए ऑडिट अधिकारी राजेंद्र सिंह और ऑपरेटर अमित श्रीवास्तव को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।...
नरसिंहपुरः मध्यप्रदेश में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे विपणन सहकारी समिति मर्यादित नरसिंहपुर में कार्रवाई करते हुए ऑडिट अधिकारी राजेंद्र सिंह और ऑपरेटर अमित श्रीवास्तव को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम दोनों को सकिर्ट हाउस ले गई, जहां देर शाम तक पूछताछ जारी रही।

लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि गोटेगांव तहसील के ग्राम मेख निवासी अशोक पटेल ने 10-12 दिन पहले शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि सेवा सहकारी समिति बरहटा का वर्ष 2025-26 का ऑडिट कार्यालय उप आयुक्त सहकारी संस्थाएं, नरसिंहपुर के ऑडिट अधिकारी राजेंद्र सिंह द्वारा किया जा रहा था। ऑडिट करने और उसमें आपत्ति नहीं लगाने के एवज में राजेंद्र सिंह द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की गई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ऑडिट अधिकारी राजेंद्र सिंह आठ हजार रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार हुआ। सोमवार को राजेंद्र सिंह की उपस्थिति में सह आरोपी एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित नरसिंहपुर के प्रभारी प्रबंधक अमित श्रीवास्तव को कार्यालय में आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। लोकायुक्त के अनुसार ऑडिट अधिकारी ने ऑपरेटर के माध्यम से रिश्वत की राशि ली थी। रिश्वत में 500-500 रुपये के नोट शामिल थे। कार्रवाई में टीएलओ निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।