Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Aug, 2026 04:10 PM
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने के साथ कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने के साथ कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग से जुड़े 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सागर, नरसिंहपुर, कटनी, पन्ना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में अगले 24 घंटे मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
भोपाल से ग्वालियर-चंबल तक बारिश का दौर
प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी भोपाल समेत ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर बना रह सकता है।
इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, नीमच, मंदसौर, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, गुना, शिवपुरी, दतिया, छिंदवाड़ा, सतना, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
प्रदेश में सामान्य से कम बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक करीब 21.4 इंच यानी 544.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। यह सामान्य औसत 24.4 इंच यानी 618.8 मिमी के मुकाबले करीब 12 फीसदी कम है।आंकड़ों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से लगभग 18 फीसदी और पश्चिमी हिस्से में करीब 6 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश के 43 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि भोपाल, गुना, ग्वालियर, सीहोर, राजगढ़, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा, खरगोन और अनूपपुर समेत 12 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
अगले तीन दिन अहम
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए अगले तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।