स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर! बारिश के बीच अचानक छुट्टी का ऐलान, सामने आई पूरी वजह

Edited By Himansh sharma, Updated: 26 Sep, 2026 11:16 AM

mp rain alert schools closed in chhatarpur amid heavy rain

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में लगातार बदल रहे मौसम और बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर अहम फैसला लिया है।

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में लगातार बदल रहे मौसम और बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर अहम फैसला लिया है। जिले में शनिवार, 26 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देश के मुताबिक बारिश के कारण शनिवार को विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। हालांकि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति पूर्ववत रहेगी। शिक्षक विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े आवश्यक कार्यों के साथ अन्य विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। यदि किसी शिक्षक के लिए किसी अपरिहार्य परिस्थिति के कारण विद्यालय पहुंचना संभव नहीं होता है, तो संबंधित संकुल प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उसकी स्थिति और उपस्थिति का सत्यापन किया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन और समाधान शिविर का कार्यक्रम जारी

स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी के बावजूद विभागीय स्तर पर निर्धारित अन्य गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी। 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा कर्मचारी समस्या समाधान शिविर का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और शिकायतकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक कार्रवाई में शामिल होंगे।

सतना और मैहर में भी स्कूल बंद

लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए प्रदेश के अन्य जिलों में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर निर्णय लिए गए हैं। छतरपुर के अलावा सतना और मैहर में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

सतना में शनिवार को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं मैहर में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया गया है।

अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम

मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में आगामी 48 घंटे मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। जबलपुर और रीवा संभागों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि सागर और शहडोल संभाग के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है। छतरपुर सागर संभाग का हिस्सा है और जिले में लगातार बारिश तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाने का फैसला लिया गया है।

इन जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और सतना के लिए ऑरेंज अलर्ट बताया गया है। इसके अलावा भिंड, दतिया, दमोह, डिंडौरी, कटनी, मैहर, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, जबलपुर, मंडला और शहडोल में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन की प्राथमिकता विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी हुई है। ऐसे में अभिभावकों से भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!