मौसम भी नहीं रोक पाया CM मोहन का जुनून! पायलट ने उड़ान से किया इनकार, फिर 3 घंटे सड़क से पहुंचे आलीराजपुर

Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Jul, 2026 07:26 PM

pilot refused cm mohan still reached alirajpur by road

'चाहे कुछ भी हो जाए, हम आलीराजपुर जाएंगे और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देंगे।

भोपाल/आलीराजपुर। 'चाहे कुछ भी हो जाए, हम आलीराजपुर जाएंगे और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देंगे। हम अपने आदिवासी भाई-बहनों से मिलेंगे और उनसे संवाद करेंगे। कोई विपरीत परिस्थिति हमें रोक नहीं सकती...'। यह भाव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मन में उस वक्त थे, जिस वक्त उनके हेलीकॉप्टर के पायलट ने यह कहकर उड़ान से मना कर दिया था कि मौसम खराब है। उस वक्त सीएम डॉ. यादव को इंदौर से आलीराजपुर जाना था। पायलट की बात सुनने के बाद सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि मौसम जैसा भी हो, जितना भी समय लगे, हम आलीराजपुर जाएंगे। और, वे करीब तीन घंटे का सफर तय कर बाय रोड आलीराजपुर पहुंचे।  

गौरतलब है कि सीएम डॉ. मोहन ने 23 जुलाई को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित "बलराम कृषि महोत्सव" का दीप प्रज्ज्वलित शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने यहां 303.34 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस प्रकार यहां कुल 356.89 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपए की राशि का ऋण वितरित किया। उन्होंने जैविक कृषकों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लूएंसर्स को सम्मानित किया। इसके साथ ही सीएम डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। इस मौके पर उन्होंने कई घोषणाएं भी की।   

पीएम मोदी के नेतृत्व में नजर आ रहा बदलाव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के आलीराजपुर सहित पूरे जनजातीय क्षेत्र में बदलाव नजर आ रहा है। राज्य सरकार के लिए झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट सहित संपूर्ण जनजातीय अंचल एक तीर्थ के समान है। मौसम की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आज भाभरा आकर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें नमन किया। भाभरा की पुण्य धरा से निकले एक नायक ने आजादी के आंदोलन में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए अपने जन्म को सिद्ध किया। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर के वीर योद्धा जीतू किराड़, राजा आलिया भील, क्रांति सूर्य टंट्या मामा जैसे अनेक जनजातीय क्रांतिकारियों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अतुलनीय योगदान दिया। राज्य सरकार सभी शहीदों के बलिदान को आदरांजलि अर्पित करती है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!