प्रसिद्ध कथावाचक पर रेप का आरोप, युवती से बोले- 'तुम्हारे लिए मैंने अपना ब्रह्मचर्य तोड़ा'

Edited By Himansh sharma, Updated: 01 Aug, 2026 03:21 PM

rape case filed against religious preacher

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक कथावाचक पर बिहार की एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक कथावाचक पर बिहार की एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि आरोपी ने पहले धार्मिक पहचान और विश्वास का लाभ उठाया, फिर उच्च शिक्षा में मदद तथा विवाह का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका कथित शारीरिक और मानसिक शोषण किया। शिकायत के आधार पर पटना के गर्दनीबाग थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

धार्मिक आयोजन में हुई पहचान, फिर बढ़ा संपर्क

शिकायत के अनुसार, युवती की मुलाकात वर्षों पहले एक धार्मिक आयोजन के दौरान कथावाचक शिव मूरत उपाध्याय उर्फ सुदामा से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। वर्ष 2023 में जब युवती ने बी.एड. करने की इच्छा जताई तो आरोपी ने सीधी में अपने प्रभाव का हवाला देते हुए प्रवेश दिलाने और फीस में राहत दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसी दौरान प्रवेश प्रक्रिया के नाम पर एक लाख रुपये भी लिए गए और भरोसा मजबूत करने के लिए आरोपी ने अपने परिजनों से भी परिचय कराया।

PunjabKesari

परीक्षा के बाद गांव ले जाने और नशीला पदार्थ देने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि जून 2024 में बी.एड. परीक्षा समाप्त होने के बाद आरोपी उसे अपने गांव ले गया। वहां खाने और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर देने तथा बाद में दवा खिलाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि दवा के असर से वह विरोध करने की स्थिति में नहीं थी और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती का दावा है कि इसके बाद आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर संबंध बनाए रखे।

'आध्यात्मिक प्रेम' बताकर शिकायत न करने का दबाव

एफआईआर में दर्ज आरोपों के मुताबिक, जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अपने कृत्य को "आध्यात्मिक प्रेम" बताते हुए उसे समझाने की कोशिश की। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने कहा कि उसने प्रेम के कारण अपना वर्षों का ब्रह्मचर्य और साधना छोड़ दी है तथा युवती से सवाल किया कि इसमें फायदा किसका हुआ?" पीड़िता का आरोप है कि इन बातों के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रभावित कर शिकायत दर्ज कराने से रोका गया।

शादी से इनकार, फिर धमकियों का आरोप

युवती के अनुसार, अगस्त 2025 में आरोपी ने अचानक संबंध समाप्त कर दिए। जब वह न्याय की उम्मीद लेकर उसके परिजनों के पास पहुंची तो कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी और उसके परिचितों ने राजनीतिक तथा प्रशासनिक पहुंच का हवाला देकर उसे डराया और फोन पर धमकियां दीं।

नेताओं और अधिकारियों से नजदीकी का दावा भी जांच के दायरे में

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी स्वयं को कई नेताओं और अधिकारियों का करीबी बताता था तथा इसी आधार पर कार्रवाई से बचने का दावा करता था। इस संबंध में भी पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है। सार्वजनिक कार्यक्रमों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, हालांकि किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति के खिलाफ इस मामले में कोई आरोप दर्ज नहीं है।

पुलिस कर रही है जांच

 पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपी की ओर से इस मामले में सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!