Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Jul, 2026 03:25 PM

दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रचार अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है।
दतिया (नवल यादव): दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रचार अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को सड़क मार्ग से ग्वालियर से दतिया पहुंचे। दतिया पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद सिंधिया भांडेर के पूर्व विधायक रक्षासंत राम सिरोनिया के निवास पहुंचे और उनसे शिष्टाचार भेंट की। इसके पश्चात उन्होंने भाजपा नेता सुनील तिवारी के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उपचुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरों के जरिए चुनावी माहौल को और धार देने में जुटी है। अब सभी की नजर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसभा और उनके चुनावी संदेश पर टिकी हुई है।