दतिया उपचुनाव की तैयारियां तेज, युवाओं को मतदान के लिए किया जा रहा जागरूक

Edited By meena, Updated: 21 Jul, 2026 06:27 PM

preparations for the datia by election intensify

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं...

दतिया: मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान कर्मियों, माइक्रो ऑब्जर्वरों और महिला मतदान दलों का प्रशिक्षण, केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ फ्लैग मार्च तथा स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में 'यूथ चला बूथ की ओर' विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

उपनिर्वाचन की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में घर-घर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराने वाले मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने मतदान की गोपनीयता, मतदाता सत्यापन, मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही सेक्टर अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वरों, मतदान अधिकारियों, बीएलओ और सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्ष निगरानी के लिए 283 माइक्रो ऑब्जर्वरों का भी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उन्हें मतदान केंद्रों पर निगरानी, रिपोर्टिंग व्यवस्था तथा संवेदनशील परिस्थितियों में सतकर्ता बरतने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिला मतदान कर्मियों (पीओ, पी-1, पी-2 और पी-3) को दो चरणों और दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई।

स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में थाना बसई और थाना उनाव पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था भंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने मतदान दिवस तथा मतगणना के दिन दतिया विधानसभा क्षेत्र और उससे लगे तीन किलोमीटर के दायरे में शुष्क दिवस घोषित किया है। स्वीप अभियान के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पीतांबरा पीठ परिसर में मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मतदान का संकल्प लिया तथा परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!