Edited By meena, Updated: 07 Jul, 2026 08:28 PM

विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में...
दतिया (नवल यादव) : विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार शाम शहर में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र मंगलवार शाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पीतांबरा चौराहे से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए किलाचौक पहुंचा और वहां से वापस पीतांबरा चौराहे तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि चुनावी माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केंद्रों और प्रमुख इलाकों में भी लगातार फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त जारी रहेगी, ताकि मतदाता पूरी तरह निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।