Edited By meena, Updated: 15 Sep, 2026 09:14 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से पंचायत उपचुनाव के नामांकन के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजनगर जनपद की सिलोन पंचायत में सरपंच...
छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से पंचायत उपचुनाव के नामांकन के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजनगर जनपद की सिलोन पंचायत में सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंची महिला प्रत्याशी का नामांकन पत्र कथित तौर पर कुछ लोग रिटर्निंग ऑफिसर से छीनकर कार में बैठकर फरार हो गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक मारुति ऑल्टो कार में कुछ लोग जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं रिटर्निंग ऑफिसर भी कार का पीछा करते हुए उसे रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, राजनगर जनपद पंचायत की सिलोन पंचायत में सरपंच पद के लिए उपचुनाव होना है। इसी को लेकर जसोदा यादव अपने परिवार के साथ नामांकन दाखिल करने राजनगर जनपद पहुंची थीं। उन्होंने नामांकन से जुड़े दस्तावेज रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपे थे।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग कार से वहां पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर के पास से नामांकन आवेदन कथित तौर पर छीन लिया। इसके बाद आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। खास बात यह कि घटना के समय जनपद परिसर में अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
जसोदा यादव ने फोन पर आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोग पंचायत में निर्विरोध चुनाव कराना चाहते हैं और इसी वजह से उनका नामांकन रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास बताया है।
वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आया है। मामला छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीना और एसपी रजत सकलेचा तक पहुंच चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएंगी।