Edited By meena, Updated: 30 Oct, 2026 04:49 PM

इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां उषागंज स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट में वार्ड 55 की भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी के निवास....
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां उषागंज स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट में वार्ड 55 की भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी के निवास पर करीब एक दर्जन बदमाशों ने देर रात जमकर उपद्रव मचाया। पुराने विवाद में समझौते का दबाव बनाते हुए बदमाशों ने घर के बाहर लगे बोर्ड को चाकू से फाड़ दिया और जमकर तोड़फोड़ की। हमले के दौरान पार्षद पति सुमित तलरेजा ने भागकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इंदौर शहर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए उपद्रवियों और बदमाशों द्वारा दहशत फैलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना संयोगितागंज थाना क्षेत्र के उषागंज स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट की है, जहां वार्ड 55 से भारतीय जनता पार्टी की पार्षद पंखुड़ी डोसी के निवास पर देर रात करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों का मुख्य निशाना पार्षद के पति सुमित तलरेजा थे। अचानक पहुंचे हमलावरों को देखकर सुमित तलरेजा ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत भागकर अपनी जान बचाई। फरियादी सुमित तलरेजा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रशांत करोसिया निवासी गाड़ी अड्डा, अंश सिरसिया, प्रिंस सिरसिया, ऋषि सिरसिया तीनों निवासी मुराई मोहल्ला, सुमित खरे निवासी हार्ट मैदान और विशाल बौरासी निवासी पालदा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रशांत करोसिया अपने दर्जनों साथियों के साथ पहुंचा और पुराने विवाद में समझौते की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा।गुस्साए बदमाशों ने घर के बाहर लगा पार्षद का बोर्ड चाकू से फाड़ दिया और मारपीट की नीयत से सुमित की ओर दौड़े। सुमित घबराकर भागते हुए अपनी मल्टी की दूसरी मंजिल स्थित फ्लैट में घुसे और तुरंत दरवाजा बंद कर लिया।
पीछा करते हुए पहुंचे बदमाशों ने फ्लैट के दरवाजे पर लातें मारीं, बाहर रखे गमले, कुर्सियां व गाड़ियां फोड़कर भारी नुकसान पहुँचाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी बिल्डिंग में दौड़ते, गाली-गलौज करते और तोड़फोड़ मचाते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।