Edited By meena, Updated: 08 Nov, 2022 01:56 PM

आज साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। इससे पहले दीपावली के अगले दिन 25 अक्टूबर को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगा था। सूर्य ग्रहण के कुछ दिनों के बाद ही ये साल का आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा और यह एक खंडग्रास यानि पूर्ण चंद्रग्रहण होगा।
भोपाल: आज साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। इससे पहले दीपावली के अगले दिन 25 अक्टूबर को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगा था। सूर्य ग्रहण के कुछ दिनों के बाद ही ये साल का आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा और यह एक खंडग्रास यानि पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। इस दौरान इंदौर सहित राज्य के लगभग सभी मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे। मंदिरों में भक्त भगवान के दर्शन नहीं कर पाएंगे। मंदिर के शुद्धिकरण के बाद मंदिर में मौजूद सभी प्रतिमाओं को स्नान कराया जाएगा नए वस्त्र पहनाए जाएंगे। इसके बाद मंदिर के पट खुलेंगे और भक्तों को भगवान के दर्शन हो सकेंगे।
ज्योतिषों की मानें तो चंद्र ग्रहण का समय सुबह पौने 7 बजे से शुरु हो चुका है। क्योंकि सूतक चंद्र ग्रहण लगने से करीब 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। यह शाम 6 बजकर 19 मिनट तक रहेगा। सभी 12 राशियों पर इस चंद्र ग्रहण का बुरा और अच्छा दोनों तरह का असर पड़ेगा। ग्रहण के दौरान दान करना चाहिए। इस दौरान किया गया दान अमृत तुल्य होता है।
यह चंद्र ग्रहण पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। भारत में यह राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे दक्षिण भारत में दिखेगा। यह ग्रहण कुछ जगहों पर पूर्ण और कुछ जगहों को आंशिक चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। इसके अलावा यह चंद्र ग्रहण उत्तर-पूर्वी यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका, अधिकांश दक्षिण अमेरिका, प्रशांत, अटलांटिक, हिंद महासागर समेत कई जगहों से देखा जा सकेगा।
क्या नहीं करना चाहिए
- चंद्र ग्रहण और सूतक काल के दौरान भगवान का पूजा-पाठ वर्जित होता है।
- ग्रहण या सूतक काल में भगवान की मूर्तियों को स्पर्श नहीं करना चाहिए।
- तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए।
- ग्रहण काल के दौरान भोजन नहीं करना चाहिए और न ही सोना चाहिए
- गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
- ग्रहण के दौरान काटने, छीलने या सिलाई का काम भी नहीं करना चाहिए।
- नुकीले या तेजधार वाले औजारों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।