Edited By Himansh sharma, Updated: 01 Nov, 2026 01:54 PM

शहर के देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया।
उज्जैन। (विशाल सिंह): शहर के देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने पहुंचे कुछ अन्य कर्मचारी भी गैस की चपेट में आकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल के दाईं ओर स्थित वेस्टेज चैंबर की सफाई के लिए कर्मचारी अंदर उतरे थे। चैंबर की गहराई अधिक होने और अंदर जहरीली गैस बनने के कारण कर्मचारी बेहोश होकर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा।
एसपी प्रदीप शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। चैंबर से कर्मचारियों को बाहर निकालने में परेशानी आने पर इलेक्ट्रिक कटर से उसका एक हिस्सा काटा गया। बाहर निकालते ही पुलिस जवानों ने कर्मचारियों को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कमलेश, नितिन, वाहिद और मनोज मीणा के रूप में हुई है। इनमें तीन उज्जैन के निवासी थे, जबकि मनोज मीणा राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद होटल परिसर में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने एक बार फिर बंद और गहरे चैंबरों की सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।