Edited By Himansh sharma, Updated: 07 May, 2026 07:50 PM

जिले के पवई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पन्ना: (टाइगर खान): जिले के पवई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, टेढ़ी मंझौली निवासी मोना आदिवासी की 8 मई को शादी तय थी। परिवार के सदस्य लगुन चढ़ाकर ऑटो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी पवई–जगदीशपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दुल्हन के चाचा खेतईया आदिवासी और फूफा संतु आदिवासी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एक अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जहां कुछ समय पहले तक शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह था, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।