Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Feb, 2026 12:43 PM

कभी बड़े पर्दे पर दिखी फिल्मी कहानी अब हकीकत बनकर सामने आई है।
भोपाल। कभी बड़े पर्दे पर दिखी फिल्मी कहानी अब हकीकत बनकर सामने आई है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी तुलना लोग सीधे Judaai फिल्म से कर रहे हैं। यहां एक पत्नी ने अपने पति से तलाक के बदले डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति लेकर उसे उसकी प्रेमिका के साथ रहने की सहमति दे दी। यह अनोखा समझौता कुटुंब न्यायालय भोपाल में हुआ, जहां पिछले पांच साल से चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार आपसी सहमति से खत्म हो गया।
ऑफिस से शुरू हुई प्रेम कहानी, घर तक पहुंचा विवाद
जानकारी के मुताबिक 42 वर्षीय केंद्रीय सरकारी अधिकारी को अपने ही विभाग में काम करने वाली 54 वर्षीय महिला से प्रेम हो गया। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों का असर उनके पारिवारिक जीवन पर पड़ा। पति-पत्नी के बीच रोजाना विवाद होने लगे, जिसका असर उनके तीन बच्चों—16 वर्षीय बेटे और 12 साल की दो बेटियों—पर भी पड़ा। आखिरकार बड़ी बेटी ने परिवार की स्थिति को देखते हुए कुटुंब न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोर्ट ने दंपति को काउंसलिंग के लिए बुलाया।
पांच साल चली काउंसलिंग, नहीं बच सका रिश्ता
काउंसलिंग के दौरान पति ने साफ कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता और प्रेमिका के साथ जीवन बिताना चाहता है। पत्नी के साथ विश्वास बहाल नहीं हो सका और मामला तलाक तक पहुंच गया।
कैसे हुआ डेढ़ करोड़ का समझौता?
पत्नी ने अपने और बच्चों के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उसने तलाक के बदले:
एक डुप्लेक्स फ्लैट
27 लाख रुपये नकद की मांग रखी। बताया जा रहा है कि कुल संपत्ति की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आसपास आंकी गई। पति की प्रेमिका ने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और संपत्ति व नकद राशि पत्नी को सौंप दी गई। इसके बाद आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया पूरी की गई।
क्यों चर्चा में है यह मामला?
पहली बार इतनी बड़ी राशि और संपत्ति के बदले हुआ तलाक समझौता
बच्चों की शिकायत के बाद कोर्ट की पहल
प्रेमिका द्वारा सीधे संपत्ति भुगतान
भोपाल का यह मामला अब शहर ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे ‘रियल लाइफ जुदाई’ कह रहे हैं।