रात के अंधेरे में महिला सरपंच के घर घुसे बदमाश, बंधक बनाकर कर दिया बड़ा कांड

Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Oct, 2026 04:56 PM

woman sarpanch held hostage  21 lakh looted in damoh

मध्यप्रदेश के दमोह जिले में बदमाशों ने एक महिला सरपंच और उनके पति को निशाना बनाते हुए घर में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में बदमाशों ने एक महिला सरपंच और उनके पति को निशाना बनाते हुए घर में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम लरगुवा में बुधवार देर रात सात अज्ञात आरोपी घर में घुस आए। बदमाशों ने सरपंच प्रेमरानी अहिरवार और उनके पति नोनेलाल अहिरवार को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और घर में रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ितों के मुताबिक, लूटे गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है, जबकि घर से करीब एक लाख रुपये नकद भी ले जाए गए हैं।

आधी रात घर में घुसे सात बदमाश

पीड़ित दंपती के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। परिवार को संभलने का मौका मिलता, उससे पहले ही सात अज्ञात लोग घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने पति-पत्नी का मुंह दबाकर उन्हें अपने काबू में कर लिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और कीमती आभूषण समेटने लगे।

बताया गया है कि बदमाश अपने साथ चांदी का डोरा, लच्छा, पायल, पांचाली और मंगलसूत्र सहित कई सोने-चांदी के गहने ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और मौके से भाग निकले।

सरपंच के साथ मारपीट, गला दबाने का आरोप

महिला सरपंच प्रेमरानी अहिरवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि आरोपियों ने गला दबाया और गर्दन पर कोई धारदार वस्तु रखकर थप्पड़ मारे। रात के समय घर में अंधेरा होने के कारण वह आरोपियों के चेहरे और उनके हुलिए को ठीक से नहीं देख सकीं।

अचानक हुई इस घटना से दंपती दहशत में आ गए। आरोपियों के जाने के बाद उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद आसपास के लोगों को वारदात का पता चला।

पड़ोसियों की मदद से पुलिस तक पहुंची सूचना

घटना के बाद पीड़ितों ने पड़ोसियों की सहायता ली और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 को भी जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई, लेकिन तत्काल आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका।

गुरुवार दोपहर प्रेमरानी अहिरवार अपने पति और गांव के लोगों के साथ बनवार चौकी पहुंचीं। यहां उन्होंने घटना की शिकायत दर्ज कराई। नोनेलाल अहिरवार ने आशंका जताई कि इस वारदात में किसी परिचित की भूमिका भी हो सकती है। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर के मुताबिक, पुलिस को लूट की घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस रात से ही एक महिला की हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। अब सरपंच दंपती के घर हुई लूट के मामले में भी जांच की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े तथ्यों और संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल सातों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!