Edited By meena, Updated: 17 Jun, 2025 02:44 PM

मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने आज भोपाल में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में भाजपा और मोहन...
भोपाल (इजहार हसन) : मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने आज भोपाल में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में भाजपा और मोहन सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस संयुक्त पत्रकार वार्ता को मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया ने संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर उत्पन्न विवाद और भारतीय संविधान के निर्माता के रूप में उनके योगदान को नकारने के प्रयासों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
कोर्ट परिसर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापना पर उपजा विवाद दुरभाग्यपूर्ण- हरीश चौधरी
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापना पर उत्पन्न विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत संविधान के निर्माता के योगदान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरएसएस के नागपुर मुख्यालय से इस तरह के विवादों की शुरुआत हो रही है। कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगी और बाबा साहब के सम्मान की रक्षा करेगी।
भाजपा और आरएसएस बाबा साहब का अपमान करने की साजिश रच रहे हैं- जीतू पटवारी
पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा और आरएसएस बाबा साहब का अपमान करने की साजिश रच रहे हैं। ग्वालियर में पोस्टर के माध्यम से यह प्रचार किया जा रहा है कि बाबा साहब संविधान के निर्माता नहीं थे। भाजपा वाले पहले गांधी को टारगेट किया फिर नेहरू जी को अब अम्बेडकर जी को टारगेट कर रहे है। ग्वालियर में एक पोस्टर लगा उसमें लिखा बाबा साहब संविधान निर्माता नहीं हैं। जब से अमित शाह ने देश की संसद में बाबा साहब के अपमान की शुरुआत की तब से भाजपा ने अभियान चलाया है। क्या ये RSS का एजेंडा है, जिसे पूरा करने में लगे हुए है।
बाबा साहब और संविधान के सम्मान में कांग्रेस व्यापक जन जागरण अभियान चलाएगी:
23 जून: घर-घर जाकर जन जागरण
24 जून: गरीब बस्तियों में संविधान पर चर्चा और भोज का आयोजन।
25 जून: ग्वालियर में सभी वरिष्ठ नेता उपवास पर बैठेंगे।
देश का इतिहास बदलने का किया जा रहा प्रयास – उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा और आरएसएस देश का इतिहास बदलने और वर्ग संघर्ष को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। बाबा साहब को उनके दलित वर्ग से होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस की नीति सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की है, जबकि भाजपा वोट के लिए समाज को बांटती है।
बी.एन. राव केवल सलाहकार थे, न कि संविधान सभा के सदस्य- दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय गांधी जी की सलाह पर लिया गया, ताकि उत्पीड़ित वर्ग का प्रतिनिधित्व हो। बी.एन. राव केवल सलाहकार थे, न कि संविधान सभा के सदस्य। उनके नाम पर बाबा साहब के योगदान को नकारना गलत है। आरएसएस ने संविधान जलाया और तिरंगे का विरोध किया, अब बाबा साहब की मूर्ति और उनके योगदान का विरोध कर रहा है। भाजपा का मौन और दोहरा चरित्र इस मामले में स्पष्ट है।
बी.एन. राव को संविधान का निर्माता बताकर बाबा साहब का किया जा रहा अपमान- फूल सिंह बरैया
विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि बाबा साहब के लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग और संविधान को बदलने की बात दुर्भाग्यपूर्ण है। बाबा साहब ने कहा था कि संविधान अच्छा होने के बावजूद गलत हाथों में ठीक नहीं चल सकता। बी.एन. राव को संविधान का निर्माता बताकर बाबा साहब का अपमान किया जा रहा है।
कांग्रेस का संकल्प:
मध्य प्रदेश कांग्रेस बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। हमारा अभियान संविधान की रक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश देगा। उक्त पत्रकार वार्ता में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक,एवं संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले जी उपस्थित रहे।