Edited By Vikas Tiwari, Updated: 25 Aug, 2025 01:08 PM

मध्यप्रदेश कांग्रेस में चल रहे दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच विवाद पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ‘कमलनाथ जी और दिग्विजय सिंह जी कल भी लड़ रहे थे, आज भी लड़ रहे हैं। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत’
भोपाल (इजहार हसन खान): मध्यप्रदेश कांग्रेस में चल रहे दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच विवाद पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ‘कमलनाथ जी और दिग्विजय सिंह जी कल भी लड़ रहे थे, आज भी लड़ रहे हैं। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत’

रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि यही बात पहले भी कही जाती रही है कि कांग्रेस सरकार को दिग्विजय सिंह चला रहे थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मंत्री उमंग सिंघार ने भी इस बात का खुलासा किया था। भाजपा विधायक ने आगे कहा कि कांग्रेस में कलह इतनी गहरी थी कि उद्योगपति तक इस विवाद को सुलझाने का काम करते थे। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया, जिस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सड़क पर उतरने की बात कही थी। लेकिन कमलनाथ ने जनता और सिंधिया की आवाज को नहीं माना। शर्मा ने कहा कि जनता ने अपना आशीर्वाद सिंधिया जी को दिया और वे आज वरिष्ठ नेता हैं। वहीं, कांग्रेस की पुरानी लड़ाई अब भी जारी है।

कमलनाथ की इस पोस्ट से मचा बवाल!
दरअसल सोशल मीडिया X पर कमलनाथ ने पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘मध्य प्रदेश में 2020 में मेरे नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिरने को लेकर हाल ही में कुछ बयानबाजी की गई है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि पुरानी बातें उखाड़ने से कोई फायदा नहीं। लेकिन यह सच है कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया को यह लगता था कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं। इसी नाराजगी में उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को तोड़ा और हमारी सरकार गिराई’

दिग्विजय के इस बयान पर कमलनाथ ने दी प्रतिक्रिया…
दरअसल एक इंटरव्यू में दिग्विजय सिंह ने कहा था कि ‘कमलनाथ और सिंधिया के बीच काम करने के तरीके को लेकर जो तय हुआ था, उसका पालन नहीं हुआ, इसके चलते ही सरकार गिरी’.. दिग्गी के इस बयान को देखा जाए तो उन्होंने ये साफ कर दिया कि अगर ग्वालियर चंबल के मुद्दों को लेकर सिंधिया की बात मानी गई होती तो ये सरकार न गिरती। दिग्विजय के इसी बयान के बाद कमलनाथ ने भी पलटवार करते हए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।