Edited By meena, Updated: 20 Oct, 2020 12:32 PM
मध्य प्रदेश में चुनावी दौर में विवादित बयानों का सिलसिला जारी है। नया विवादास्पद बयान शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्री बिसाहू लाल सिंह का सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी को ‘रखैल’ कह दिया। मंत्री के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई...
भोपाल: मध्य प्रदेश में चुनावी दौर में विवादित बयानों का सिलसिला जारी है। नया विवादास्पद बयान शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्री बिसाहू लाल सिंह का सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी को ‘रखैल’ कह दिया। मंत्री के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई है और कांग्रेस ने मंत्री बिसाहू लाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, शिवराज के मंत्री बिसाहूलाल सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार विश्वनाथ सिंह के नामांकन में दिए गए ब्यौरे पर टिप्पणी कर रहे हैं। मंत्री कह रहे हैं कि “विश्वनाथ ने अपनी पहली पत्नी का नहीं, बल्कि रखैल का ब्यौरा दिया है।”
देखिए पंजाब केसरी पर एक्सलूसिव रिपोर्ट
वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई और कांग्रेस प्रवक्ता सैयद जाफर ने ट्वीट कर इस पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि “इसे कहते हैं महिला का अपमान। भाजपा के मंत्री बिसाहू लाल सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी को कहा रखैल, क्या महिलाओं के लिए ऐसे ही शब्दों का इस्तेमाल करती है भाजपा? मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तत्काल इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री को पद से हटाएं और प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगें।”
आपको बता दें कि बिसाहू लाल सिंह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए नेताओं में से एक हैं और अब अनूपपुर से विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले भी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वे लोगों को नोट बांटते नजर आए थे।