Edited By Vikas Tiwari, Updated: 29 Oct, 2025 05:11 PM

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बाबा कार्तिक उरांव के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए अंबिकापुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पी.जी. कॉलेज ग्राउंड स्थित हैलीपैड पर उतरा, जहां पहले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्वागत के...
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बाबा कार्तिक उरांव के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए अंबिकापुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पी.जी. कॉलेज ग्राउंड स्थित हैलीपैड पर उतरा, जहां पहले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद थे। इसी बीच यहां पर स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस में भारी कहासुनी हो गई।

हालांकि समारोह शुरू होने से पहले ही वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, जब कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वागत करने हैलीपैड क्षेत्र के अंदर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को शांत कराया। अधिकारियों के समझाने के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नियत समय पर संपन्न हुआ।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ कार्यकर्ता हैलीपैड के नजदीक जाकर माला पहनाकर स्वागत करना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। पुलिस प्रशासन ने घटना के बाद कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी को निर्धारित क्षेत्र में रहने की हिदायत दी गई थी, जबकि कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सिर्फ स्वागत के लिए आगे बढ़े थे, किसी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था करने का इरादा नहीं था।