बेटे की बारात के दिन पिता की सड़क हादसे में मौत, खुशी के घर में गूंजी मातम की चीखें

Edited By meena, Updated: 11 Mar, 2026 06:17 PM

father dies in road accident on son s wedding day turns house of joy into mourn

छत्तीसगढ़ के धमधा से एक बेहद मार्मिक और दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस घर में बेटे की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं और बारात की तैयारी चल रही थी...

धमधा (हेमंत पाल) : छत्तीसगढ़ के धमधा से एक बेहद मार्मिक और दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस घर में बेटे की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं और बारात की तैयारी चल रही थी, वहीं अचानक ऐसा हादसा हुआ कि खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। जिस पिता ने अपने बेटे की शादी के लिए सपने सजाए थे, वही पिता बेटे की बारात देखने से पहले ही सड़क हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।

PunjabKesari

मिली जानकारी के अनुसार धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम साहगांव निवासी नरसिंह यादव (60 वर्ष) पिता लतेलु यादव की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नरसिंह यादव अपने बेटे की शादी की तैयारियों को लेकर कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए धमधा आए हुए थे। घर में शादी का माहौल था और परिजन बारात की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी बीच देर रात वह सामान लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धमधा-दुर्ग मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के पास टमाटर से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनका भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि नरसिंह यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हादसे की सूचना जैसे ही गांव साहगांव और परिजनों तक पहुंची, शादी के घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। परिवार के लोग इस घटना से पूरी तरह टूट गए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में रातभर शादी की रस्में और तैयारी चल रही थीं, वहां अचानक ऐसा दुखद समाचार पहुंचा कि हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों के मुताबिक नरसिंह यादव के बेटे की आज बारात साहगांव से मोहतरा गांव, जिला बेमेतरा जानी है। ऐसे में परिवार एक बेहद कठिन स्थिति में खड़ा है। एक ओर पिता का अंतिम संस्कार करना पड़ा, तो दूसरी ओर समाज की परंपरा और परिस्थितियों के कारण बेटे को बारात की रस्म भी निभानी पड़ रही है। यह दृश्य पूरे गांव के लिए बेहद भावुक और दर्दनाक बन गया है।

PunjabKesari

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और हर किसी की आंखों में आंसू नजर आए। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे साहगांव सहित आसपास के गांवों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी के घर में इस तरह का दुखद हादसा पहले कभी देखने को नहीं मिला।

वहीं इस मामले में धमधा थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही सामने आती है। फिलहाल पूरे गांव में शोक की लहर है। जिस पिता ने अपने बेटे की बारात निकलते देखने का सपना देखा था, वही पिता आज इस दुनिया में नहीं है। खुशियों के बीच आई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया है और पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा हो रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!