Edited By meena, Updated: 11 Mar, 2026 07:28 PM

इससे भी खास बात यह कि मामला जब पुलिस थाने पहुंचा तो वहां भी पिता के नाम का रौब झाड़ा और पुलिसकर्मियों के सामने थाने से अपनी गाड़ी छुड़वाकर ले गया...
रायपुर : सत्ता के गरूर में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। यहां पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर ने नशे में धुत्त होकर सड़क पर तांडव किया। इतना ही नहीं विरोध करने पर मारपीट भी की। इससे भी खास बात यह कि मामला जब पुलिस थाने पहुंचा तो वहां भी पिता के नाम का रौब झाड़ा और पुलिसकर्मियों के सामने थाने से अपनी गाड़ी छुड़वाकर ले गया।
नशे में की अभद्रता
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संदीप कंवर कथित तौर पर उस कार को चला रहा था, जिस पर “पूर्व विधायक रामपुर” लिखा हुआ था। नशे में धुत संदीप कंवर ने तेज रफ्तार कार सीधे एक दुकान में घुसा दी, जिससे दुकान को नुकसान पहुंचा। आरोप है कि घटना के बाद अपनी गलती मानने की बजाय संदीप कंवर ने मौके पर मौजूद लोगों से गाली-गलौज की और जमकर हंगामा किया। पूरा घटनाक्रम कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास का है।

थाने में भी किया हंगामा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कोतवाली थाने ले आई। यहां भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और जमकर बवाल काटा। आरोप है कि संदीप कंवर ने अपने पिता का रौब दिखाते हुए पुलिस से कहा कि “जो करना है कर लो”। इतना ही नहीं वह पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करते हुए सबके सामने थाने में खड़ी अपनी गाड़ी लेकर चलता बना।

घटनाक्रम का सबसे अहम और रोचक पहलू
इस मामले का सबसे रोचक पहलू ये है पीड़ित दुकानदार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर पदस्थ है। अब देखना होगा कि क्या खाकी राजनेता की गर्मी उतार पाती है या नहीं। या बाकी मामलों की तरह इस केस को दबा दिया जाएगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।