Edited By Desh Raj, Updated: 10 Feb, 2026 09:28 PM

मैहर से प्रशासन का दोहरा रवैया सामने आय़ा है। मामला मैहर में स्थित मां शारदा मंदिर का है। जिस गर्भगृह के सामने आम श्रद्धालु को 10 सेकेंड रुकने तक की अनुमति नहीं है, उसी पवित्र स्थल में गर्भ ग्रह में अन्दर बैठकर उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता राजा भैया...
मैहर (प्रशांत शुक्ला): मैहर से प्रशासन का दोहरा रवैया सामने आय़ा है। मामला मैहर में स्थित मां शारदा मंदिर का है। जिस गर्भगृह के सामने आम श्रद्धालु को 10 सेकेंड रुकने तक की अनुमति नहीं है, उसी पवित्र स्थल में गर्भ ग्रह में अन्दर बैठकर उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता राजा भैया के हाथ में राइफल रखकर पूजन किया। इसके बाद हड़कंप मचा हुआ है।
शारदा मंदिर परिसर में अस्त्र शस्त्र लेकर जाना प्रतिबंधित

दरअसल मैहर मां शारदा मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के अस्त्र शस्त्र लेकर जाना प्रतिबंधित है। यह नियम मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति ने बनाए हैं लेकिन इन नियमों की सरेआम अनदेखी देखी गई। प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने गर्भगृह में प्रवेश करके शस्त्र पूजा की । इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
माँ शारदा मंदिर के गर्भगृह में शस्त्र-पूजन का वायरल वीडियो जहां आस्था पर सवाल उठा रहा है वहीं प्रशासनिक प्रबंधन पर भी सवाल उठाता है। सवाल ये कि उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता राजा भैया के हाथ में राइफल रखकर गर्भगृह में पूजन की अनुमति किसने दी ।
बाहुबली राजा भैया ने की नियमों की अनदेखी
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया अपने समर्थकों के साथ मां शारदा देवी के दर्शन करने पहुंचे थे। वो समर्थकों के साथ ही मंदिर के अंदर पहुंचे, इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में पहुंचकर मां शारदा की पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पुजारी को अपने साथ लाई हुई रायफल पकड़ाई। जिसे पुजारी ने चुनरी बांधी और बाद में पूजा करवाई। जबकि मंदिर में ऐसा करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
नियमों और प्रशासन पर उठे सवाल
यह वीडियो मंदिर प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या नियम केवल आम जनता के लिए हैं?या फिर सत्ता-संरक्षण में नियम, कानून और श्रद्धा सब ताक पर रख दिए गए?