‘’SC-ST लड़कियों से रिलेशन बनाने से तीर्थ का पुण्य मिलता है’’...कांग्रेस नेता के बयान पर बवाल! भाजपा ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

Edited By meena, Updated: 17 Jan, 2026 02:13 PM

controversy erupts over phool singh baraiya s statement about sc st girls

मध्यप्रदेश के दतिया जिले की भांडेर विधानसभा से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं और दुष्कर्म से जुड़े विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है...

भोपाल: मध्यप्रदेश के दतिया जिले की भांडेर विधानसभा से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं और दुष्कर्म से जुड़े विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक मीडिया इंटरव्यू में दिए गए उनके कथित बयान पर भाजपा, कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बरैया ने इंटरव्यू में दावा किया कि कुछ ग्रंथों में अनुसूचित जाति समाज की महिलाओं के साथ सहवास को पुण्य से जोड़कर देखा गया है। उन्होंने इसके संदर्भ में ‘रुद्रयामल तंत्र' नामक पुस्तक का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रेप कोई अकेला व्यक्ति नहीं करता, बल्कि चार-पांच लोग मिलकर करते हैं और इसी मानसिकता के कारण मासूम बच्चियां भी दुष्कर्म की शिकार हो रही हैं।

क्या है विवादित बयान

कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा...खूबसूरत लड़की दिख जाए तो दिमाग विचलित हो सकता है, रेप करने का मन हो जाता है, जबकि SC ST OBC में सुंदर लड़कियां होती नहीं हैं..उनके साथ रेप इसलिए होते हैं क्योंकि धर्म ग्रंथों में लिखा है एसटी एससी महिलाओं के साथ संबंध बनाने से तीर्थ करने जितना फल मिलता है ये विवादित बयान दिया है। धर्मग्रंथों में लिखा है कि यदि कोई तीर्थ नहीं जा पाता, तो शेड्यूल कास्ट की महिलाओं के साथ सहवास करने से तीर्थ का फल मिलता है।”उन्होंने आगे यह भी कहा— “जो लोग तीर्थ नहीं जा पाते, वे धर्मग्रंथों के अनुसार चलते हैं, घर पर रहते हैं और रात के अंधेरे में शेड्यूल कास्ट की लड़की को पकड़ते हैं, फिर उसके साथ सहवास करते हैं।”

वहीं भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं और धर्मग्रंथों का इस तरह गलत हवाला देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चुनौती दी कि बरैया स्पष्ट करें कि किस ग्रंथ या शास्त्र में ऐसा लिखा है। वाल्मीकि ने बयान को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए सख्त कारर्वाई की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि रेप करने वाला कोई भी हो, वह अपराधी होता है और किसी भी प्रकार से दुष्कर्म को जस्टिफाई नहीं किया जा सकता। अपराध को जाति या धर्म से जोड़ना पूरी तरह गलत है। भाजपा ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा है।

भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के विधायक के ऐसे बोल समाज को बांटने वाले और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक हैं। उन्होंने राहुल गांधी से इस पर जवाब और कारर्वाई की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस की चुप्पी उसकी मूक सहमति को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि फूल सिंह बरैया इससे पहले भी कई विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। 14 जनवरी 2026 को दलित एजेंडा कार्यक्रम में उन्होंने संयुक्त चुनाव प्रणाली पर टिप्पणी की थी। 5 अक्टूबर 2024 को प्रशासनिक अधिकारियों को धमकी देने का मामला सामने आया था। 2 अक्टूबर 2020 को उन्होंने सवर्ण और हिंदू राष्ट्र को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके अलावा झांसी की रानी लक्ष्मीबाई को लेकर की गई टिप्पणी भी विवादों में रही है। यही नहीं अब कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया की विधानसभा भांडेर में भी उनके खिलाफ विरोध शुरू हो गया है। जिला मंत्री दतिया भानु ठाकुर ने कहा कि बरैया ओछी मानसिकता के साथ महिलाओं, बच्चियों का अपमान कर रहे है यह व्यक्ति धर्म विरोधी तो है ही साथ ही साथ ही गलत मानसिकता भी रखता है, उन्होंने सरकार से अपील की है कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कठोर से कठोर कारर्वाई की जाए।

 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!