Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Jan, 2026 09:22 PM

मध्यप्रदेश में रविवार शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया।
भोपाल। मध्यप्रदेश में रविवार शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दावोस दौरे पर रवाना होने से ठीक पहले राज्य सरकार ने 26 IAS अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी शिवशेखर शुक्ला को अपर मुख्य सचिव, संस्कृति एवं पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से हटाकर अध्यक्ष, राजस्व मंडल नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राज्य प्रशासन में एक अहम बदलाव मानी जा रही है।

वहीं, उमाकांत उमराव (1996 बैच) को प्रमुख सचिव, खनिज साधन विभाग एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पद से स्थानांतरित करते हुए अब उन्हें केवल प्रमुख सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष गडपाले (2008 बैच) को सचिव, ऊर्जा विभाग एवं एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी, जबलपुर के पद से हटाकर प्रबंध संचालक, एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी तथा सचिव, ऊर्जा विभाग नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा तरुण राठी (2010 बैच) को आयुक्त, स्वास्थ्य सेवाएं, भोपाल के पद से स्थानांतरित कर आयुक्त, आदिवासी विकास, भोपाल बनाया गया है।

सूत्रों के अनुसार यह प्रशासनिक बदलाव सरकार की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में किया गया है। आने वाले दिनों में इन तबादलों का असर विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर देखने को मिल सकता है।