Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Mar, 2026 01:35 PM

राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक भाजपा नेता द्वारा पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक भाजपा नेता द्वारा पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न सिर्फ ट्रैफिक टीआई को धमकाया, बल्कि ड्यूटी पर तैनात एक कॉन्स्टेबल की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस 8 मार्च की रात ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर जांच की गई। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान विकास शुक्ला के रूप में हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। जब पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की बात कही तो वह भड़क गया और मौके पर ही हंगामा करने लगा। आरोपी खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने लगा।
आरोप है कि विकास शुक्ला ने ट्रैफिक टीआई को वर्दी उतरवा देने की धमकी दी और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी तक फाड़ दी।
मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे आरोपी कोई भी क्यों न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।