Edited By meena, Updated: 10 Apr, 2026 12:59 PM

मध्य प्रदेश के धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में 7 अप्रैल को एक व्यापारी की मध्य रात्रि में घर में घुस कर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। पत्नी का कहना था कि कुछ बदमाश आए थे, वे सामान लूट कर ले गए थे...
धार (संजय ) : मध्य प्रदेश के धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में 7 अप्रैल को एक व्यापारी की मध्य रात्रि में घर में घुस कर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। पत्नी का कहना था कि कुछ बदमाश आए थे, वे सामान लूट कर ले गए थे, आरोपियों ने मेरे हाथ पैर बांधकर बंधक बना रखा था और पति को मार दिया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में एक बेहद हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। पति का कत्ल का साजिशकर्ता कोई और नहीं बल्कि खुद पत्नी ही निकली।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की साजिश कर्ता मृतक की पत्नी ही थी, जिसने एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग के चलते अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर पति की अपने घर में निर्ममता से हत्या करवा दी थी और पूरे मामले को डकैती से जोड़ते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। किंतु पुलिस ने बड़ी ही तत्परता दिखाते हुए मामले की गुत्थी कुछ ही घंटों में सुलझा ली, जिसमें पुलिस को महिला के बयानों पर शक हुआ और गांव में महिला के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक की महिला और मृतक के बीच संबंध काफी खटास पूर्ण थे और महिला कभी-कभी ही ससुराल में रहती थी। अन्यथा इसके मायके में ज्यादा समय रहती थी जबकि शादी को लगभग 8 से 10 साल हो गए थे।

पुलिस ने इन्हीं बिंदुओं पर और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले की गुत्थी कुछ घंटे में ही सुलझा ली। पुलिस ने जब महिला को हिरासत में लेकर उस सख्ती से पूछताछ की तो उसने शुरू में पुलिस को गुमराह करते हुए बाद में पुरा गुनाह कबूल कर लिया। महिला ने बताया कि राजगढ़ के रहने वाले कमलेश पुरोहित से उसके संबंध थे और इसी बात को लेकर उसका पति उससे आए दिन झगड़ा करता था और विरोध करता था। महिला और उसके प्रेमी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची और इस साजिश के तहत प्रेमी ने अपने एक दोस्त सुरेंद्र को 100000 की फिरौती दी थी और हत्या का प्लान बनाया। उसी प्लान के तहत महिला ने रात में दरवाजा खुला रखा और इस दौरान आरोपी घर में घुसे और बिस्तर पर सोए हुए देव कृष्ण पुरोहित की धारदार हथियार से हमला करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में प्रेमी कमलेश पुरोहित और मृतक की पत्नी आरोपी प्रियंका पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है जब कि एक आरोपी सुरेंद्र फरार है।