Edited By meena, Updated: 24 Feb, 2026 06:44 PM

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेता के निधन से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। जुन्नारदेव विधानसभा से तीन बार के विधायक और पूर्व मंत्री तेजीलाल सरेयाम का निधन हो गया...
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेता के निधन से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। जुन्नारदेव विधानसभा से तीन बार के विधायक और पूर्व मंत्री तेजीलाल सरेयाम का निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे और वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से प्रदेश कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
तीन बार विधायक और पूर्व वन मंत्री
तेजीलाल सरेयाम जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक (1990, 1993, 1998) चुने गए थे। वे दिग्विजय सिंह सरकार में वन मंत्री रहे। आदिवासी समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी और छिंदवाड़ा जिले में वे एक प्रभावशाली जननेता के रूप में पहचान रखते थे। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।
कमलनाथ के करीबी माने जाते थे
सरेयाम की गिनती पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी नेताओं में होती थी। छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में उनका विशेष प्रभाव रहा। स्थानीय मुद्दों को लेकर वे लगातार सक्रिय रहे और आदिवासी समुदाय के हितों को लेकर मुखर आवाज उठाते थे।
गृह ग्राम नीमकुही में अंतिम संस्कार
उनका अंतिम संस्कार नीमकुही, जो उनका गृह ग्राम है, में सोमवार शाम 4 बजे किया गया। अंतिम यात्रा में राजनीति से जुड़े अनेक नेता, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। तेजीलाल सरेयाम के निधन को प्रदेश की राजनीति और विशेष रूप से आदिवासी समाज के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।