Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Apr, 2026 05:18 PM

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में इन दिनों नियुक्तियों की रफ्तार तेज है, लेकिन शहर और ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद अब भी उलझा हुआ है।
इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में इन दिनों नियुक्तियों की रफ्तार तेज है, लेकिन शहर और ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद अब भी उलझा हुआ है। करीब 6 महीने से यह कुर्सी खाली पड़ी है और इसे लेकर सियासी हलकों में लगातार चर्चा बनी हुई है। दरअसल, संगठन में ब्लॉक से लेकर वार्ड स्तर तक नई टीमों का गठन तेजी से किया जा रहा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे अपनी कार्यकारिणी घोषित कर चुके हैं, वहीं जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी पंचायत और वार्ड स्तर तक नियुक्तियां कर चुके हैं। प्रकोष्ठ और विभागों में भी बदलाव का दौर जारी है। इसके बावजूद महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर फैसला नहीं हो पाया है।
कई चेहरे, लेकिन फैसला अटका
महिला कांग्रेस की इस अहम जिम्मेदारी के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्र की कई नेत्रियां दावेदारी कर रही हैं। अंदरखाने लॉबिंग भी तेज हो गई है, लेकिन नाम तय नहीं हो सका है। यही वजह है कि संगठन के भीतर इस पद को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
भोपाल में अटकी फाइल
सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी पूरी हो चुकी है और पर्यवेक्षक इष्टा भाचावत अपनी रिपोर्ट भोपाल भेज चुकी हैं। हालांकि, अब तक उस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इससे दावेदारों की बेचैनी और बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि कई महिला नेता स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया से भी संपर्क साध रही हैं, ताकि जल्द नियुक्ति हो सके। माना जा रहा है कि प्रदेश स्तर की कार्यकारिणी बनने के बाद ही शहर और जिला अध्यक्षों की घोषणा होगी, लेकिन फिलहाल इस दिशा में कोई ठोस हलचल नजर नहीं आ रही।
13 अप्रैल को शक्ति प्रदर्शन
इसी बीच कांग्रेस 13 अप्रैल को बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में है। बढ़ते बिजली बिल और कटौती के विरोध में 22 बिजली जोन पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें ब्लॉक, मंडल और शहर स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। ऐसे में बिना महिला अध्यक्ष के संगठन की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुल मिलाकर, इंदौर महिला कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी फिलहाल सस्पेंस में है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व कब तक इस पर फैसला लेता है और किसे यह अहम जिम्मेदारी सौंपी जाती है।