Edited By Vikas Tiwari, Updated: 23 Feb, 2026 07:27 PM

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रदेश की मजबूत, संतुलित और विकासोन्मुख अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों, किसान हितैषी निर्णयों, औद्योगिक निवेश और सेवा क्षेत्र के विस्तार से...
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रदेश की मजबूत, संतुलित और विकासोन्मुख अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों, किसान हितैषी निर्णयों, औद्योगिक निवेश और सेवा क्षेत्र के विस्तार से राज्य विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2025-26 में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) प्रचलित भावों पर लगभग 6 लाख 31 हजार 291 करोड़ रुपये अनुमानित है, जिसकी वृद्धि दर 11.57 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक बताई गई है।
कृषि क्षेत्र में मजबूती
आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। मुख्यमंत्री ने इसे किसानों की मेहनत, तकनीकी नवाचार, सिंचाई विस्तार और सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में तेजी
उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योग का योगदान लगभग 49 प्रतिशत बताया गया है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसरों में निरंतर वृद्धि से प्रदेश औद्योगिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
सेवा क्षेत्र में सबसे अधिक उछाल
सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटी और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर लगभग 1.79 लाख रुपये होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.07 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेशवासियों की बढ़ती आय और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार का सकारात्मक संकेत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार की आय बढ़ाना और समृद्धि को हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान और मजबूत करेगा।