Edited By Vandana Khosla, Updated: 18 Apr, 2026 02:50 PM

छतरपुर (राजेश चौरसिया): एमपी के छतरपुर जिले में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां स्थित नौगांव में एक खूंखार आवारा कुत्ते ने 9 साल के बच्चे पर हमला किया। सूत्रों के मुताबिक बच्चे के सिर को जबड़े में लॉक किया। इसके बाद उसे घसीटते हुए ले गया।...
छतरपुर (राजेश चौरसिया): एमपी के छतरपुर जिले में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां स्थित नौगांव में एक खूंखार आवारा कुत्ते ने 9 साल के बच्चे पर हमला किया। सूत्रों के मुताबिक बच्चे के सिर को जबड़े में लॉक किया। इसके बाद उसे घसीटते हुए ले गया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हुआ है। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वार्ड नंबर 17 में देवी मंदिर के पास हुई। जहां शुक्रवार शाम को 9 साल के मासूम आहिल खान पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बताया गया कि आहिल अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक खूंखार कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ते ने आहिल के सिर को अपने जबड़े में दबा लिया और उसे घसीटते हुए ले जाने लगा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजनों समेत आसपास के लोग पीछे भागे। लोगों ने देखा कि कुत्ता आहिल को बुरी तरह जकड़े हुए है। स्थिति को देखते हुए परिजनों ने बिना देर किए लाठी-डंडों और पत्थरों से कुत्ते पर हमला किया। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते ने बच्चे को छोड़ा और वहां से भाग गया। घटना के तुरंत बाद परिजन आहिल को नौगांव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे के सिर में गहरे घाव हैं और उसका इलाज जारी है।
बच्चे की मां रानी ने बताया कि अगर समय रहते वे लोग नहीं पहुंचते, तो कुत्ता बच्चे को और गंभीर रूप से घायल कर सकता था। उन्होंने कहा कि आहिल के सिर से काफी खून बह रहा था और वह बेहद डरा हुआ था। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।