धमधा को ऐतिहासिक सौगात, नगर पालिका की मिली नई पहचान,लोगों में खुशी की लहर

Edited By Desh Raj, Updated: 05 May, 2026 10:47 PM

a historic gift for dhamdha municipality receives a new identity

दुर्ग जिले के धमधा में मंगलवार का दिन सिर्फ एक सरकारी आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह विकास, जनभावनाओं और राजनीतिक घोषणा का ऐसा संगम बन गया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

धमधा (हेमंत पाल):  दुर्ग जिले के धमधा में मंगलवार का दिन सिर्फ एक सरकारी आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह विकास, जनभावनाओं और राजनीतिक घोषणा का ऐसा संगम बन गया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। आसमान में काले बादल थे, तेज हवाएं चल रही थीं और मौसम बार-बार अपना मिजाज बदल रहा था, लेकिन इन सबके बीच धमधा के विकास का उत्साह कम नहीं पड़ा। प्रतिकूल मौसम के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में जहां करीब 6 करोड़ 99 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ, वहीं धमधा को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाने की घोषणा ने पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

PunjabKesari

नगर पंचायत धमधा के बाजार चौक पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। आसपास के गांवों और शहर से आए लोग इस उम्मीद के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे कि आज धमधा को कोई बड़ी सौगात मिल सकती है। मंच सजा हुआ था, स्वागत की तैयारियां पूरी थीं और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला जारी था। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ गजेंद्र यादव शिक्षा मंत्री,विजय बघेल सांसद, जितेन साहू तेल घनी बोर्ड, ईश्वर साहू विधायक, पवन शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवा और धूलभरी आंधी ने कार्यक्रम स्थल को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ देर के लिए मंच की व्यवस्था भी प्रभावित हुई और लोगों में हलचल मच गई। लेकिन कुछ ही मिनटों में प्रशासन, कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने व्यवस्था संभाल ली। मौसम की चुनौती के बीच भी कार्यक्रम जारी रहा। यह दृश्य अपने आप में यह संदेश दे रहा था कि हालात चाहे जैसे हों, विकास का पहिया रुकने वाला नहीं है।

अपने संबोधन में अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाओं की राजनीति नहीं, बल्कि जमीन पर विकास की तस्वीर बदलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में धमधा क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक सुविधाओं और अन्य मूलभूत विकास कार्यों को गति मिली है।

धमधा को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाने की घोषणा

लेकिन कार्यक्रम का सबसे बड़ा और भावनात्मक पल तब आया जब उपमुख्यमंत्री ने  धमधा को नगर पंचायत से उन्नयन कर नगर पालिका बनाने की घोषणा की। जैसे ही यह घोषणा हुई, पूरा तालियों और जयघोष से गूंज उठा। वर्षों से उठ रही यह मांग आखिरकार पूरी हो गई। कई लोगों ने इसे धमधा के भविष्य की नई शुरुआत बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि अब धमधा को बड़े शहरों की तरह योजनाओं का लाभ मिलेगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता प्रशांत अग्रवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह केवल प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि धमधा की जनता के सपनों को मिली नई पहचान है। उन्होंने प्रदेश सरकार, उपमुख्यमंत्री और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब धमधा विकास के नए युग में प्रवेश करने जा रहा है।

तेज हवाओं, बदलते मौसम और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन साफ संकेत दे गया कि धमधा अब सिर्फ एक कस्बा नहीं, बल्कि तेजी से बदलते शहरी भविष्य की ओर बढ़ता हुआ नया नगर बनने जा रहा है। मंगलवार का यह दिन धमधा के इतिहास में विकास, विश्वास और नई पहचान के रूप में दर्ज हो गया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!