Edited By meena, Updated: 30 Mar, 2026 05:39 PM

भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर इस वर्ष सकल जैन श्री संघ, जैन यूथ क्लब और भारतीय जैन संघटना (BJS) द्वारा सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की जा रही है....
खैरागढ़ (श्रेयांश सिंह) : भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर इस वर्ष सकल जैन श्री संघ, जैन यूथ क्लब और भारतीय जैन संघटना (BJS) द्वारा सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की जा रही है। "जियो और जीने दो" के शाश्वत संदेश को आत्मसात करते हुए समाज द्वारा 24 मार्च से 31 मार्च तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला अस्पताल खैरागढ़ में विभिन्न सेवा कार्य संपन्न हुए।
नवाचार: फल की जगह दैनिक उपयोगी किट का वितरण
अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जैन समाज ने एक सराहनीय पहल करते हुए मरीजों को फल वितरण की पारंपरिक पद्धति के स्थान पर 'उपयोगिता किट' प्रदान की। इस किट में मरीजों की सुविधा हेतु:
1.5 लीटर शुद्ध पेयजल की बोतल
हैंडवॉश और स्वच्छता सामग्री
दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं
सकल जैन श्री संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बोथरा ने बताया कि, "इस बार हम जन्मकल्याणक को सेवा महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। हमने विचार किया कि फल तो क्षणिक होते हैं, लेकिन दैनिक उपयोग की वस्तुएं मरीजों को अस्पताल में लंबे समय तक काम आएंगी। भगवान महावीर का संदेश मानवता की सेवा है, जिसे हम इन कार्यों के जरिए चरितार्थ करने का प्रयास कर रहे हैं।"

21 टीबी मरीजों को मिला संबल
भारतीय जैन संघटना के जिलाध्यक्ष अजय जैन की अगुवाई में समाज के सदस्यों ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान अस्पताल में उपचाराधीन 21 टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार (निक्षय पोषण) वितरित किया गया।
अजय जैन ने इस अवसर पर कहा, "बीमारी से लड़ने के लिए केवल दवा ही नहीं, बल्कि सही पोषण और सकारात्मकता की भी आवश्यकता होती है। भारतीय जैन संघटना इन मरीजों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करती है और समाज की ओर से उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराकर इस लड़ाई में उनका साथ दे रही है।"

चिकित्सकों का तिलक लगाकर अभिनंदन
सेवा भाव के साथ-साथ समाज ने कृतज्ञता का भाव भी प्रदर्शित किया। जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे सभी चिकित्सकों का जैन समाज के सदस्यों ने तिलक लगाकर और किट भेंट कर विशेष सम्मान किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक समाज के रक्षक हैं और उनके मनोबल को बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
31 मार्च तक जारी रहेंगे सेवा कार्य
ज्ञात हो कि यह महोत्सव 24 मार्च से निरंतर जारी है, जिसके तहत रक्त जांच शिविर, रक्तदान शिविर और आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से जैन समाज भगवान महावीर के 'जियो और जीने दो' के संदेश को धरातल पर उतार रहा है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में सकल जैन श्री संघ, जैन यूथ क्लब और भारतीय जैन संघटना के पदाधिकारी, युवा व महिला विंग के सदस्य और समाज के वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।