Edited By meena, Updated: 03 Mar, 2026 06:22 PM

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर के समीप ग्राम भटगांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस को एक युवक और युवती के खून से सने शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया...
नर्मदापुरम (मुकेश अवस्थी) : नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर के समीप ग्राम भटगांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस को एक युवक और युवती के खून से सने शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
जानकारी के अनुसार, मृतक अरुण पिता गजेंद्र सिंह पूर्वीया उम्र 23 साल निवासी ग्राम गौरा मछवाई थाना भरकच्छ जिला रायसेन एवं मृतिका 21 वर्षीय भटगांव निवासी है। घटनास्थल से कारतूस के खोखे, खून के धब्बे और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
परिजनों की मानें तो रात लगभग 12 बजे बेटी को छत पर देखा था। सोमवार सुबह दोनों के शव छत पर खून से लथपथ मिले और पास में कारतूस पड़े थे। बताया गया है कि अरुण और युवती एक ही समाज के थे और दोनों के बीच प्रेम संबंधों की बात सामने आई है। आशंका है कि युवक उससे मिलने आया था। वहीं शवों के पास प्रेग्नेंसी किट मिलने से मामला और संदिग्ध नजर आ रहा है। हालांकि प्रेग्नेंसी किट का इस्तेमाल नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जब तक यह साफ नहीं हो जाता कि घटना आत्महत्या है या हत्या, तब तक सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की स्थिति, हथियार की मौजूदगी, गोली लगने की दिशा, दूरी और समय जैसे बिंदुओं पर विशेषज्ञ टीम काम कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की खबर फैलते ही भटगांव और आसपास के इलाकों में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट बातों से बचें।