Edited By meena, Updated: 02 Mar, 2026 11:32 AM

मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र की मछंड चौकी में पदस्थ आरक्षक बृजमोहन तोमर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरक्षक कल रात ड्यूटी के दौरान पास के एक ढाबे पर खाना खाने गए थे
भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र की मछंड चौकी में पदस्थ आरक्षक बृजमोहन तोमर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरक्षक कल रात ड्यूटी के दौरान पास के एक ढाबे पर खाना खाने गए थे, जहां नींद आने पर वहीं लकड़ी के तख्त पर लेट गए। बताया जा रहा है कि काफी देर तक न जागने पर ढाबा संचालक और आसपास के लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रविन्द्र तोमर मौके पर पहुंचे और आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव का आज पोस्टमाटर्म कराने के बाद परिजन को सौंप दिया।
पुलिस पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मछंड चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।