Edited By meena, Updated: 20 Sep, 2026 12:50 PM

डबरा में नगर पालिका की टीम के साथ कथित बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 13 में हैंडपंप लगाने...
डबरा (भरत रावत) : डबरा में नगर पालिका की टीम के साथ कथित बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 13 में हैंडपंप लगाने पहुंची नगर पालिका की टीम के साथ गाली-गलौज और पाइप फेंककर काम रुकवाने का आरोप है। कार्रवाई की मांग को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित करीब एक दर्जन पार्षद डबरा सिटी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। करीब आठ घंटे चले गतिरोध के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के हस्तक्षेप पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामला डबरा के वार्ड क्रमांक 13 स्थित विवेकानंद कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, पेयजल समस्या को देखते हुए नगर पालिका की टीम सरकारी बोरिंग में हैंडपंप लगाने पहुंची थी। नगर पालिका कर्मचारी श्रीलाल कडेरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तभी सतविन्दर सिंह और उनके पुत्र अमृत सिंह द्वारा काम का विरोध करने और कर्मचारियों से गाली-गलौज एवं धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए गए। आरोप है कि सरकारी पाइप फेंककर काम भी रुकवा दिया गया।
घटना के बाद कर्मचारी शिकायत लेकर डबरा सिटी थाने पहुंचे। कार्रवाई में देरी के आरोप के बाद नगर पालिका उपाध्यक्ष सत्येंद्र दुबे, पार्षद हीरा सिंह, हैप्पी सरदार, सुमित साहू सहित अन्य पार्षद थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुआ गतिरोध शाम तक जारी रहा। इसके बाद ग्वालियर से एएसपी देहात जयराज कुबेर और एसडीओपी डबरा मौके पर पहुंचे और वीडियो फुटेज सहित पूरे मामले की जानकारी ली।

नगर पालिका की टीम हैंडपंप सुधारने और पाइप डालने गई थी, जहां विरोध और गाली-गलौज की शिकायत मिली। सीएमओ के पत्र और वीडियो फुटेज की तस्दीक के बाद संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है।
डबरा सिटी थाना पुलिस ने नगर पालिका कर्मचारी श्रीलाल कडेरे की शिकायत पर सतविन्दर सिंह और अमृत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(बी), 132 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।