Edited By Vandana Khosla, Updated: 16 Sep, 2026 11:37 AM

रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढि़यारी थाने में पुलिस कार्रवाई में कथित रूप से दखल देने, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और तोड़फोड़ के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी समेत सात से अधिक लोगों के...
रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढि़यारी थाने में पुलिस कार्रवाई में कथित रूप से दखल देने, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और तोड़फोड़ के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी समेत सात से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों से आज मिली जानकारी के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कार्रवाई में रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छुड़ाने के लिए भाजयुमो नेता मंगलवार को थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बातचीत के बाद पहले प्रदर्शन किया गया और इसके बाद थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई।
नॉर्थ डीसीपी दीपमाला कश्यप ने बताया कि यह कल दोपहर की घटना है। डी.जे वाहन छोड़ने के लिए शुभांकर द्विवेदी आया था। इस दौरान उसने थाने में विवाद करते हुए तोड़फोड़ की। तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने को लेकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने गुढि़यारी थाने में हुई तोड़फोड़ और टीआई के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला से इस्तीफे की मांग की है।
उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की। मेनन ने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को बिहार बनाने की तैयारी कर चुकी है। इस तरह कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि थाना परिसर में विवाद करने वाले भाजयुमो नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।