Edited By Vandana Khosla, Updated: 14 Sep, 2026 12:09 PM

बीजापुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक सरकारी आवासीय विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा 14 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र में स्थित एकलव्य आदर्श...
बीजापुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक सरकारी आवासीय विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा 14 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक ने पिछले साल अक्टूबर में छात्रा को कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूने की हरकत की थी। उसने कई अन्य मौकों पर भी छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया था। शिक्षक की उम्र 40 वर्ष के आसपास है। बताया गया कि नौवीं से 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली कुछ अन्य छात्राओं ने भी आरोपी पर अनुचित तरीके से छूने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस उनके बयान भी दर्ज कर रही है। बताया कि कुछ छात्राओं के अभिभावकों ने पुलिस को जानकारी दी कि इस मामले को हाल ही में स्कूल के प्राचार्य के संज्ञान में लाया गया था। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि क्या प्राचार्य ने इस मामले में कोई कार्रवाई शुरू की थी।
फिलहाल, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) तथा अन्य संबंधित प्रावधानों और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।