Edited By meena, Updated: 01 Oct, 2026 08:55 PM

भगवां थाना क्षेत्र की घुवारा चौकी पुलिस ने ग्राम नदीखेरा के पास गल्ला व्यापारी से हुई लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : भगवां थाना क्षेत्र की घुवारा चौकी पुलिस ने ग्राम नदीखेरा के पास गल्ला व्यापारी से हुई लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष निशा राजे आनंद सिंह का भतीजा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार वारदात में व्यापारी के साथ मटर बेचकर लौट रहा पिकअप चालक भी आरोपियों से मिला हुआ था। मामले में एक मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, अगस्त में बड़ामलहरा निवासी गल्ला व्यापारी विकास असाटी ललितपुर से मटर बेचकर पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घुवारा चौकी क्षेत्र में भगवां रोड पर ग्राम नदीखेरा के पास आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। व्यापारी की रिपोर्ट पर भगवां थाना पुलिस ने लूट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने ललितपुर से बड़ामलहरा के बीच मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाकर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान सामने आया कि व्यापारी जिस पिकअप वाहन से मटर बेचकर लौट रहे थे, उसका ड्राइवर भी वारदात में आरोपियों के साथ शामिल था। इसके बाद पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इंद्रपाल उर्फ सत्येंद्र यादव पिता सरमन यादव, निवासी वार्ड क्रमांक-7 बड़ामलहरा, प्रिंस राजा बुंदेला पिता रुद्र प्रताप सिंह बुंदेला, निवासी वार्ड क्रमांक-6 बड़ामलहरा और विश्वजीत सिंह उर्फ बड़े राजा पिता शिव प्रताप सिंह बुंदेला, निवासी ग्राम टहनगा, थाना बड़ामलहरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रिंस राजा बुंदेला नगर परिषद बड़ामलहरा की अध्यक्ष निशा राजे आनंद सिंह का भतीजा है। वहीं विश्वजीत सिंह उर्फ बड़े राजा के खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल मुख्य आरोपी तरुण पटेल कुशवाहा अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवां श्रद्धा शुक्ला, घुवारा चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक छत्र प्रकाश, धर्मेंद्र चतुर्वेदी तथा आरक्षक रोहित, राजेश प्रजापति, हरि सिंह, प्रमोद, भरत, सुनील और विजय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।