Edited By Himansh sharma, Updated: 17 Jun, 2026 05:56 PM

चोरी और नुकसान पहुंचाने के लिए बदमाश अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अड़गांव में अज्ञात सिरफिरे बदमाश किसानों की मेहनत पर दराती चला रहे हैं।
बुरहानपुर (राजू सिंह राठौड़): चोरी और नुकसान पहुंचाने के लिए बदमाश अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अड़गांव में अज्ञात सिरफिरे बदमाश किसानों की मेहनत पर दराती चला रहे हैं। पहले एक किसान की केले की फसल को नुकसान पहुंचाया गया और अब तीन अन्य किसानों के करीब 200 केले के लूंगर काटकर जमीन पर फेंक दिए गए। इस घटना में डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि आरोपी लगातार एक ही परिवार के किसानों को निशाना बना रहा है।
बुरहानपुर जिले के अड़गांव में किसानों के लिए इन दिनों सबसे बड़ा खतरा मौसम नहीं, बल्कि अज्ञात बदमाश बन गए हैं। खेतों में तैयार हो रही केले की फसल पर कोई सिरफिरा लगातार दराती चला रहा है। तीन दिन पहले किसान छोटू साहेबराव चौधरी की फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद अब ग्राम पंचायत अड़गांव के उपसरपंच काशीनाथ निंबाजी चौधरी, संजय बिजलाल चौधरी और विजयप्रकाश चौधरी के खेतों को निशाना बनाया गया है।
अज्ञात बदमाश ने रात के अंधेरे में खेत में घुसकर करीब 200 छोटे केले के लूंगर काटकर जमीन पर फेंक दिए। किसानों के अनुसार, इस घटना से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे पहले भी इसी परिवार के एक किसान को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया जा चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि मेहनत और पूंजी लगाकर तैयार की जा रही फसल को इस तरह बर्बाद किया जाना बेहद चिंताजनक है।
घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है। लगातार किसानों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, अड़गांव के किसान इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर उनकी फसलों को निशाना बनाने वाला यह सिरफिरा कौन है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती आरोपी तक पहुंचकर किसानों की मेहनत को बर्बाद करने वाले इस शख्स को सलाखों के पीछे पहुंचाने की है।